
मैक्सिको में पेट से ट्यूमर निकलने का चौंकाने वाला मामला सामने आया है। देखने में लग रहा था जैसे कि महिला के पेट में 10 बच्चे हैं, लेकिन जब डॉक्टरों ने जांच की और सर्जरी के लिए पेट खोला तो 31 किलो का ट्यूमर निकला।
24 वर्षीय महिला का मैक्सिको जनरल हॉस्पिटल में ऑपरेशन हुआ। सर्जरी करने वाले डॉक्टर इरिक हेनसन ने बताया, महिला डाइटिंग पर थी, फिर भी उसका वजन बढ़ रहा था। साल भर से कम समय में ही उसका पेट इतना बड़ा हो गया, जैसे पेट में 10 बच्चे पल रहे हों।
जब महिला हॉस्पिटल डॉक्टर को चेक करवाने गयी तब जांच में पता चला कि पेट में ट्यूमर है। कैंसर की गांठ का वजन 31 किलो से भी अधिक होने के कारण डॉक्टरों को सर्जरी में काफी परेशानी आई। इतने बड़े ट्यूमर के कारण महिला के पेट के अंदरुनी हिस्से को भी भारी नुकसान हुआ था। ट्यूमर पेट के 95 फीसदी हिस्से तक फैल गया था।
डॉक्टरों के मुताबिक, तुरंत सर्जरी नहीं की जाती तो महिला की जान भी जा सकती थी। ट्यूमर के एक हिस्से को निकालने के बजाय उसे पूरा ही बाहर निकाल लिया गया, क्योंकि आशंका थी कि उसके अंदर जहरीला तरल हो सकता है।
डॉ. हेनसन ने इस मामले पर कहा कि मैंने कई ऑपरेशन किए हैं और टयूमर के कई बड़े मामले देखे हैं, लेकिन इससे बड़ा ट्यूमर नहीं देखा। इतने बड़े ट्यूमर की सर्जरी बहुत जोखिम भरी होती है। उनका दावा है कि दुनिया में पेट फाड़कर इतना बड़ा ट्यूमर पहले कभी नहीं निकाला गया।
इससे पहले 1902 में 145 किलो के ट्यूमर की सर्जरी की गई थी। उस ट्यूमर को कई दिनों तक चली सर्जरी के बाद बाहर निकाला जा सका था।
बहरहाल, महिला अब पूरी तरह ठीक है और सामान्य जीवन जी रही है।


0 comments: